फरीदाबाद से बी.आर. मुराद की रिपोर्ट
बल्लभगढ़। बल्लभगढ़ बाजार को मुंबई-बड़ोदरा एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली प्रमुख मिल्क प्लांट रोड अब आधुनिक तकनीक आरएमसी (रेडी मिक्स कंक्रीट) से तैयार की जाएगी। सोमवार को बल्लभगढ़ के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा ने नारियल फोड़कर सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
इस मौके पर क्षेत्र के गणमान्य लोग, भाजपा कार्यकर्ता, शिक्षाविद और स्थानीय निवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ विधायक का भव्य स्वागत किया।
🏗️ 71 लाख रुपये की लागत से होगा निर्माण
विधायक पं. मूलचंद शर्मा ने बताया कि नगर निगम द्वारा लगभग 71 लाख रुपये की लागत से इस सड़क का निर्माण कार्य कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से बल्लभगढ़ बाजार, सेक्टर-2, आर्य नगर, भाटिया कॉलोनी, मिल्क प्लांट रोड का मुख्य मार्ग सहित कई कॉलोनियों के साथ-साथ आसपास के स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
🚧 सीवर लाइन का कार्य पहले ही पूरा
उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण से पहले क्षेत्र में सीवर लाइन का कार्य पूरा कर लिया गया है। निगम द्वारा पहले ही उनके प्रयासों से लगभग 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से बड़ी सीवर लाइन डाली जा चुकी है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
विधायक ने कहा कि अब यह सड़क मजबूत और टिकाऊ आरएमसी लेयर से बनाई जाएगी, ताकि आने वाले वर्षों तक नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
🏘️ बल्लभगढ़ में विकास कार्यों की रफ्तार तेज
विधायक ने कहा कि बल्लभगढ़ क्षेत्र में सड़क, सीवर और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि आर्य नगर में सामुदायिक भवन का निर्माण भी कराया गया है, जिसका लोकार्पण जल्द किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश भर में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और बल्लभगढ़ भी इस विकास यात्रा से अछूता नहीं है। प्रदेश सरकार के खजाने बल्लभगढ़ के विकास कार्यों के लिए हमेशा खुले हुए हैं।