फरीदाबाद से बी.आर. मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद: जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद और रोमानिया का तकनीकी विश्वविद्यालय क्लुज-नेपोका (टीयूसीएन) ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों में संयुक्त अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए एक अकादमिक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस समझौते पर जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुशील कुमार तोमर, टीयूसीएन के रेक्टर प्रो. वासिल टोपा और विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. राजीव कुमार सिंह ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के डीन और विभागाध्यक्ष भी उपस्थित रहे।
वैश्विक सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम
कुलपति प्रो. सुशील कुमार तोमर ने कहा कि विज्ञान और अनुसंधान की कोई सीमा नहीं होती। रोमानिया के टीयूसीएन जैसे संस्थानों के साथ सहयोग नवाचार को बढ़ावा देगा और वैश्विक चुनौतियों के समाधान में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी शिक्षा और अनुसंधान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होगी।
रोमानिया में एआई रिसर्च सेंटर का निर्माण
टीयूसीएन के रेक्टर प्रो. वासिल टोपा ने बताया कि रोमानिया में एक समर्पित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रिसर्च इंस्टीट्यूट का निर्माण किया जा रहा है, जो 2025 तक पूरा होने की संभावना है। इस इंस्टीट्यूट में एआई-संचालित प्रोटोटाइप और नवीन प्रौद्योगिकियों के लिए एक विशेष मंच तैयार किया जाएगा। उन्होंने भारत में रोमानिया की राजदूत द्वारा इस पहल के लिए व्यक्त किए गए समर्थन का भी उल्लेख किया।
संयुक्त अनुसंधान और छात्र विनिमय कार्यक्रम
इस समझौते के तहत दोनों विश्वविद्यालय संयुक्त अनुसंधान परियोजनाएं, संकाय और छात्र विनिमय कार्यक्रम, तथा ऑनलाइन पाठ्यक्रमों का संचालन करेंगे। जे.सी. बोस विश्वविद्यालय की अनुसंधान एवं विकास निदेशक प्रो. मनीषा गर्ग ने विश्वविद्यालय की शोध क्षमताओं पर प्रकाश डाला और इस साझेदारी को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के समन्वयक एमओयू के नोडल अधिकारी प्रो. संजीव गोयल और उद्योग संपर्क मामलों की प्रभारी डॉ. रश्मी पोपली रहीं। इस अवसर पर वरिष्ठ सलाहकार प्रो. संदीप ग्रोवर, डीन (एफईटी) प्रो. राज कुमार, डीन (शैक्षणिक मामले) प्रो. अतुल मिश्रा, मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग की अध्यक्ष प्रो. अरविंद गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।