युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानू चिब का जन्मदिन कांग्रेसियों ने मनाया
सलेमपुर, देवरिया। आज पूरे देश और प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है, भाजपा सरकार में समाज का हर वर्ग परेशान है। उक्त बातें कांग्रेस कार्यालय पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानू चिब के जन्मदिन के अवसर पर मलिन बस्ती में मिठाई बांटकर और कार्यालय पर केक काटने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष गोविन्द मिश्र ने कहीं।
उन्होंने कहा कि आज युवा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानू चिब के नेतृत्व में पूरे देश में युवाओं की लड़ाई लड़ रही है। युवा कांग्रेस सोशल मीडिया के स्टेट कोऑर्डिनेटर सत्यम पांडेय ने कहा कि भाजपा ने जो वादे देश के नौजवानों से किए थे, उन पर सरकार खरा नहीं उतरी है। आज बेरोजगारी चरम पर है और नौजवान नौकरी के लिए दर-दर भटक रहे हैं। महंगाई पर लगाम लगाने में भी सरकार विफल रही है।
कांग्रेस के निवर्तमान जिला महासचिव डॉ. धर्मेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि युवा कांग्रेस का हर कार्यकर्ता नौजवानों, बेरोजगारों और छात्रों के हित की लड़ाई मजबूती से लड़ रहा है। कांग्रेस ही भाजपा के कुशासन से जनता को निजात दिलाने का कार्य करेगी।
कार्यक्रम को वरिष्ठ नेता भागीरथी प्रसाद, रामविलास तिवारी, अशोक कुमार, संपूर्णानंद पांडेय, सैयद फिरोज अहमद, गणेश मिश्र, सुरेंद्र यादव, राजकुमार पटवा, कार्तिकेय तिवारी, विराट यादव, धर्मवीर भारती, विकास मद्देशिया आदि ने संबोधित किया।