अयोध्या ब्यूरो: कामता शर्मा
अयोध्या।
जनपद अयोध्या के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत प्रयागराज हाईवे पर रामनगर के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने पल्सर बाइक सवार तीन युवकों को रौंद दिया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान अल्ताफ के रूप में हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल युवकों का नाम अजीम और शोएब बताया जा रहा है। तीनों युवक कोतवाली बीकापुर क्षेत्र के प्रानपुर गंडई गांव के निवासी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बीकापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृत युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रयागराज हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी आए दिन हादसों को जन्म दे रही है। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश जारी है।
हादसे से गांव में शोक की लहर
हादसे की सूचना जैसे ही प्रानपुर गंडई गांव पहुंची, पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल व थाने पर जमा हो गए। मृत युवक के घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।