मीरजापुर। अहरौरा थाना पुलिस ने गो-तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मैजिक वाहन में क्रूरता पूर्वक बांधकर वध के लिए ले जाए जा रहे चार गोवंश को बरामद किया। पुलिस ने मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति मौके से फरार हो गए।
धनुषधारी पाण्डेय, चौकी प्रभारी इमिलियाचट्टी ने 29 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम के साथ भुडकुड़ा पौनी बैरियर नहर पुलिया के पास चेकिंग की। इस दौरान एक मैजिक वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें क्रूरता पूर्वक बांधकर वध हेतु ले जाए जा रहे चार गोवंश बरामद हुए।
पुलिस ने मौके से परमेश्वर पुत्र शिवनारायण निवासी भोगांव, थाना चील्ह, जनपद मीरजापुर को गिरफ्तार किया। वहीं, मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बरामदगी एवं गिरफ्तारी के संबंध में थाना अहरौरा में धारा 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया। वहीं, मौके से बरामद मैजिक वाहन संख्या UP66AT6559 को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया।