दौड़, क्रिकेट और कबड्डी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा; अतिथियों ने प्रतिभाओं को किया सम्मानित
मीरजापुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार, 29 अगस्त को वनस्थली खेल ग्राउंड अहरौरा पर निःशुल्क स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर की ओर से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल तथा विशिष्ट अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष अहरौरा ओमप्रकाश केशरी रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए दौड़, क्रिकेट और कबड्डी प्रतियोगिताओं का शुभारंभ कराया।
800 मीटर बालिका वर्ग की दौड़ में मधुपुर की सुमन पटेल ने प्रथम, मधुपुर की आकांक्षा यादव ने द्वितीय तथा बियरही की सपना कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग में 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इसके बाद मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाली सभी टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं अवार्ड देकर सम्मानित किया। फाइनल मुकाबले में गांवों से आए बालक-बालिकाओं के बीच रोमांचक मैच देखने को मिला।आयोजक एवं प्रशिक्षक अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि वनस्थली खेल ग्राउंड पर प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है।
पिछले पांच वर्षों से सीमित संसाधनों के बीच यहां बच्चों को सुबह और शाम निःशुल्क खेल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले नौ बच्चे फिजिकल परीक्षा पास कर आर्मी, सीआईएसएफ, मिलिट्री और पुलिस जैसे विभागों में कार्यरत हैं। इसके अलावा कई खिलाड़ी स्टेट और नेशनल स्तर की प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभाग कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के करीब 20 से 25 नक्सल प्रभावित एवं अति पिछड़े गांवों के बच्चे यहां प्रशिक्षण लेने आते हैं। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उचित मंच और अवसर प्रदान करना है। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल से शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है।
खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और आपसी भाईचारे की भावना विकसित करते हैं। इस अवसर पर मनोज सोनकर, विनोद पटेल, नवीन पटेल, आशीष केशरी, धीरज केशरी, अरविंद यादव, अमरेन्द्र सिंह, विकास, रवि, सुदर्शन, रोहित, बलदेव, शिवकुमार, आशुतोष सोनू सहित ग्राउंड के सभी खिलाड़ियों ने अतिथियों एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।