फरीदाबाद से बी.आर. मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद:
फरीदाबाद के ऐतिहासिक गांव अनंगपुर में बीते 19 दिनों से जारी अनिश्चितकालीन धरने को लेकर अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद मनोज तिवारी रविवार को धरना स्थल पर पहुंचे और वहां प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और प्रवासियों से संवाद किया।
धरने का आयोजन अनंगपुर संघर्ष समिति के बैनर तले किया जा रहा है, जिसमें ग्रामीण अपनी मलिकयत जमीनों और प्रवासियों के आशियानों को बचाने की मांग कर रहे हैं।
सांसद मनोज तिवारी का आश्वासन
धरना स्थल पर पहुंचने के बाद मनोज तिवारी ने कहा:
“आप सभी की पीड़ा को समझता हूं। मैं इस मामले को लोकसभा में उठाऊंगा और इस बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को पत्र भी लिखूंगा। इसके साथ ही 22 जुलाई 2025 को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से इस मुद्दे पर विशेष चर्चा करूंगा।”
तिवारी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनके और प्रवासियों के आशियाने उजड़ने नहीं दिए जाएंगे और इस मुद्दे को भाजपा के शीर्ष नेताओं के सामने भी रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वे फिर से धरना स्थल पर चाय पीने आएंगे।
जनसमर्थन और ग्रामीणों की अपील
धरने में उपस्थित अनंगपुर वासियों ने सांसद से मलिकाना हक बचाने और प्रवासी गरीबों के घरों को न हटाने की गुहार लगाई। इस अवसर पर गांव के सरपंच अजय पाल, भीम सिंह, चमन भड़ाना, रिशीपाल, विवेक भड़ाना, जितेन्द्र भड़ाना, महेन्द्र सिंह, बल्ली पहलवान समेत अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
संघर्ष समिति ने जताया आभार
अनंगपुर संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने सांसद मनोज तिवारी का आभार जताते हुए कहा कि—
“हमें उम्मीद है कि सांसद महोदय की पहल से हमारी आवाज सरकार तक पहुंचेगी और गांव को उजड़ने से बचाया जा सकेगा।”
धरना अब आंदोलन की ओर
19 दिनों से जारी यह धरना अब धीरे-धीरे जनआंदोलन का रूप ले रहा है। फरीदाबाद क्षेत्र के अनेक सामाजिक संगठन और राजनीतिक नेता भी अब इस संघर्ष में शामिल हो रहे हैं।