फरीदाबाद से बी.आर. मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद: केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि पंकज रामपाल का भाजपा जिला अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित होना पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए गर्व की बात है। पंकज रामपाल ने हमेशा समर्पित कार्यकर्ता के रूप में पार्टी को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका जिला अध्यक्ष बनना पार्टी संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और मेहनत का प्रमाण है।
गुर्जर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जहां समर्पित कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान मिलता है। पंकज रामपाल जैसे कर्मठ कार्यकर्ता का जिला अध्यक्ष बनना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा में बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी शीर्ष पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंकज रामपाल सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को और अधिक सशक्त करेंगे।
पंकज रामपाल ने अपनी नियुक्ति पर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के दिल्ली स्थित निवास पर जाकर आशीर्वाद लिया और आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व जिला महामंत्री मूलचंद मित्तल, भाजयुमो जिलाध्यक्ष शोभित अरोड़ा, दिनेश गुप्ता, सुनील कुमार, मनीष गोसाईं और प्रहलाद शर्मा भी उपस्थित रहे।
पंकज रामपाल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उसे पूरी मेहनत और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने फरीदाबाद जिले में भाजपा की विचारधारा को और मजबूत करने का संकल्प लिया। उनका लक्ष्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया।
रामपाल ने कहा कि भाजपा सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित एक विचारधारा है। वे पार्टी सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को सशक्त बनाने के लिए कार्य करेंगे।