फरीदाबाद से बी.आर.मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद:सूरजकुंड रोड स्थित श्री लक्ष्मीनारायण दिव्याधाम श्री सिद्धदाता आश्रम में शिवरात्रि का पर्व बड़ी ही धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अधिष्ठाता अनंतश्री विभूषित इंद्रप्रस्थ एवं हरियाणा पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने भगवान महादेव का पूजन एवं अभिषेक किया और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। यहां हजारों की संख्या में कांवड़िये व अन्य भक्तगण पहुंचे और पूजन किया। इस अवसर जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने कहा कि भगवान शिव शीघ्र ही प्रसन्न होकर कल्याण करने वाले देव हैं।
वह इतने सरल हैं कि केवल जल के अभिषेक से प्रसन्न हो जाते हैं और भक्त के कष्टों का शमन कर देते हैं। लेकिन हमें भगवान से सीखना चाहिए। वह अपनी जटाओं को सर पर बांधकर मुकुट बना लेते हैं जबकि केश जंजाल का प्रतीक हैं। वह हमें सिखा रहे हैं कि परेशानियां आएगी लेकिन उनका सदुपयोग करना सीख लो।दुनिया के लोग घर बनाते हैं और उसके लिए क्या क्या नहीं करते हैं। गलत कर्म भी करते हैं वह स्वयं हिमालय पर रहते हैं लेकिन अपनी समस्त जिम्मेदारियों को निबाहते हैं। ऐसा करके वह सिखाते हैं कि अनासक्त रहो परन्तु अपनी सभी जिम्मेदारियों को पूरा करो।
वह भूत प्रेत से घिरे रहते हैं लेकिन उनके अवगुणों से रहित रहते हैं। वह सिखाते हैं कि संसार में सभी तरह के लोग हैं लेकिन आपको उनसे अवगुण नहीं लेने हैं। उन्होंने सभी को शिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं और सद्गुणों से युक्त होकर सदाचार का जीवन जीने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर हरिद्वार,गंगोत्री आदि स्थानों से गंगाजल लेकर पहुंचे भक्तों ने भगवान महादेव का अभिषेक किया और मनोकामनाएं मांगीं। अनेक भक्तों ने भगवान का धन्यवाद भी किया। सुमधुर भजनों,वेद की ऋचाओं के मध्य गुरु महाराज का भी पूजन किया और आशीर्वाद एवं प्रसाद प्राप्त किया।