फरीदाबाद से बी.आर.मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद:एल्डिगो मॉल स्थित सेक्टर-12 में चल रहे दो स्पा सेंटर में चाइल्ड वेलफेयर कमेटी और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने छापा मारा। इस दौरान मॉल में बने आठ स्पा सेंटरों की जांच की गई। दो सेंटर द गोल्डन और मोहिनी स्पा से नौ लड़कियों को पूछताछ के लिए टीम सेक्टर-12 सेंट्रल थाना ले गई। यहां दो लड़कियों की उम्र कम होने का अंदेशा होने पर टीम ने उन्हें शेल्टर होम भिजवाया है।

चाइल्ड हेल्पलाइन की कोर्डिनेटर सुनीता व चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सदस्य सुनील ने बताया उन्हें सूचना मिली थी कि स्पा में कुछ छोटी उम्र की लड़कियों से स्पा में काम कराया जा रहा है। इस पर संज्ञान लेते हुए सोमवार को उनकी संयुक्त टीम ने थाना सेंट्रल पुलिस को साथ लेकर छापा मारा। अभी तक की जांच में दोनों लड़कियां अपनी असली उम्र का कोई प्रमाण नहीं दे पाईं हैं। चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की तरफ से स्पा संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए लिखा गया है। सात लड़कियों को वन स्टाप सेंटर में रखा गया है। और बाकि सभी के बयान मंगलवार को दर्ज कराए जाएंगे।