Breaking News
WhatsApp Image 2021 09 24 at 9.22.26 PM1

नए भारत में आंख दिखाने वालों को मिलेगी चुनौती: योगी

महराजगंज जनपद के चौक बाजार में ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की प्रतिमा का अनावरण समारोह

बड़े लक्ष्य के लिए बड़ा मन जरूरी ः राजनाथ

रिपोर्ट ब्यूरो

गोरखपुर/महराजगंज, 24 सितंबर। आज जो भी देश भारत को आंखें दिखाएगा, उसे चुनौती का सामना करना होगा। आंखों से आंख मिलाकर देखने की कूटनीति ने देश की सीमाओं से दुश्मनों को दूर भगा दिया है। ये बातें मुख्यमंत्री व गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को महराजगंज जिले के चौक बाजार में ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज के प्रतिमा अनावरण समारोह में कहीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कदमताल करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत को महाशक्ति के रूप में तो स्थापित किया ही, भाजपा को भी विश्व का सबसे बड़ा संगठन बनाने में अपना अमूल्य योगदान दिया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राम मंदिर के इतिहास में ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ जी और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी का नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। गोरक्षपीठ और नाथ सम्प्रदाय ने जिस तरह से सनातन धर्म और सर्व समाज के लिए कार्य किया है, वह हम सबके लिए अनुकरणीय है। बड़ा लक्ष्य पाने के लिए मन भी बड़ा होना चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी कहा कि ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की पुण्यतिथि का यह अवसर चौक बाजार के लिए एक महत्वपूर्ण दिन के रूप में है। चौक बाजार क्षेत्र में शिक्षा का जनजागरण करने के लिए पूज्य गुरुदेव अवेद्यनाथ जी महाराज ने पांच— छह दशक तक हर संभव प्रयास किया। हम सब जानते हैं 2014 के पहले भारत की स्थिति क्या थी। आंतरिक सुरक्षा का मामला रहा हो या बाहरी सुरक्षा का मामला, जब मर्जी हो प्लेन हाईजैक होता था, ट्रेन हाईजैक होती थी, विस्फोट होता था। जब जिसकी मर्जी होती थी भारत के अंदर घुसपैठ कर देता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत ने जो अपना तेज दिखाया है आज वह दुनिया के अंदर भारत के जज्बे को प्रदर्शित कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कदम से कदम मिलाकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत को दुनिया की महाशक्ति के रूप में विकसित किया। साथ ही विश्व के सबसे बड़े संगठन के रूप में भी स्थापित किया। भारत अब हर देश से आंखों से आंखें मिलाकर सभी को चुनौती दे रहा है, यह सबसे बड़ा प्रयास है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने महाराजगंज में महत्वपूर्ण विकास कार्य के लिए अपना योगदान दिया है। यहां महंत दिग्विजयनाथजी महाराज के नाम पर एक इंटर कालेज को भी आरंभ कराया।

ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी का व्यक्तित्व अद्भुत था ः राजनाथ

केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पूज्य ब्रह्मलीन पीठाधीश्वर महंत अवेद्यनाथ जी महाराज पूरे देश में पहचान के मोहताज नहीं है। उनकी ख्याति देश से लेकर विदेशों में भी रही। मैंने बहुत प्रतिमाओं का अनावरण देखा है। गोरक्ष पीठाधीश्वर ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी का व्यक्तित्व अद्भुत था। उन्होंने अपने संस्मरण याद करते हुए कहा कि जब मेरी आयु 18-19 वर्ष की थी तब से मैं उनके साथ बातचीत करने और उनका आशीर्वाद लेने का प्राप्त अवसर प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि जब वे एमएससी प्रथम वर्ष के लिए गोविवि में प्रवेश लिए, तब भी मंदिर जाकर अवेद्यनाथजी महाराज का आशीर्वाद लिया। मैं हमेशा उनसे आशीर्वाद प्राप्त करता रहा।
उन्होंने कहा कि जब मैं यहां एक छात्र था तो उस समय भारत का एक प्लेन हाईजैक किया गया था। उस समय उसमें सवार सभी यात्रियों को वहां से उतारकर प्लेन को जला दिया गया था। इसके विरोध के लिए गोरखपुर बंद के आह्वान के साथ मैं महंत अवेद्यनाथजी महाराज से मिला तो उन्होंने मुझसे स्पष्ट कहा कि बंदी तो करा लो, लेकिन किसी को भी हानि नहीं पहुंचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि साथियों महाराज की पुण्यतिथि हम मना रहे हैं, लेकिन उनकी स्मृतियां एक मानवीय तरीके पर देखी जाती है। मैं यह कह सकता हूं कि गोरखपुर पीठ और सनातन धर्म ने इस देश के लिए इतना किया है वह एक उदाहरण है। जब राम जन्मभूमि का आंदोलन प्रारंभ हुआ था तो पूरे देश के महंत समुदाय ने महंत अवेद्यनाथजी को इस आंदोलन की अध्यक्षता करने के लिए चुना था। मैं समझता हूं कि राम मंदिर के इतिहास में महंत दिग्विजय नाथ और अवेद्यनाथ दोनों के ही नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखे जाएंगे। जिस तरह से उन्होंने राम मंदिर के आंदोलन को तेज करने और उसके लिए खुद को आगे खड़ा किया उससे हम प्रेरित हैं।

सभी को जोड़ता है नाथ संप्रदाय
रक्षामंत्री ने कहा कि नाथ संप्रदाय ने कभी भी समाज को तोड़ने की प्रयास नहीं किया। नाथ संप्रदाय ने सिर्फ समाज को जोड़ने का प्रयास किया। जहां तक मुझे पता है कि गोरखनाथ मंदिर और गोरक्ष पीठ के मुख्य पुजारी एक दलित हैं, एक समय में दलितों को मंदिर में नहीं घुसने दिया जाता था। यह वही नाथ संप्रदाय है जिसने मंदिर में दलित समुदाय को बढ़ावा देकर उसे भी अपना सहारा देने की और उसे बढ़ाने की कोशिश की है। समुदाय की धारा के खिलाफ जाकर और सभी को एकत्र करते हुए सबको एक दर्जा दिलाने के लिए प्रयास नाथ संप्रदाय ने किए हैं। उन्होंने कहा कि मैं जानता हूं कि बहुत सारे ऐसे लोग हैं जो आज भी छुआछूत पर विश्वास करते हैं लेकिन भारत शासन संस्कृति इस पर कभी विश्वास नहीं रखती और कभी इजाजत नहीं देती, यही एक संप्रदाय है जिसमें सिर्फ अपने परिवार को नहीं भारत के हर एक सदस्य को अपने परिवार का सदस्य माना है।
उन्होंने कहा कि जो मार्ग पूज्य अवेद्यनाथ जी ने समाज को दिखाया है उसी मार्ग पर आगे बढ़ने काम आज के गोरक्ष पीठाधीश्वर और उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर रहे हैं। उत्तराधिकारी की तलाश करना छोटी बात नहीं होती। पूज्य अवेद्यनाथ जी ने भी यह देख लिया था कि इस बालक को मैं गोरक्ष पीठाधीश्वर बनाऊंगा तो यह सनातन धर्म की रक्षा भी करेगा, उसका प्रचार भी करेगा और समाजिक लक्ष्य को भी प्राप्त करेगा। साथ ही साथ चल पड़ी तो उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का कार्य करेगा। हम सब अच्छी तरह जानते हैं कि राजनीतिक क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों पर भ्रष्टाचार का आरोप आसानी से लग जाता है, लेकिन नींद में भी उत्तर प्रदेश ही नहीं भारत का कोई भी माई का लाल यह नहीं कह सकता है कि योगी आदित्यनाथ के दामन पर किसी भी भ्रष्टाचार का दाग लगा हो। उप्र अब उत्तम प्रदेश बन चुका है जहां की कानून व्यवस्था चुस्त और दुरुस्त है। अपराधियों के हौसले पस्त हो चुके हैं। वह प्रदेश छोड़ के दूसरे जगह जा चुके हैं।

About IBN NEWS MAHARAJGANJ

Check Also

IMG 20260705 WA0000

साइबर टीम द्वारा साइबर ठगी की धनराशि 19,500 रूपये पीड़ित के खाता में कराया गया वापस

मीरजापुर। आवेदक विधानन्द पुत्र दशरथ निवासी मदारपुर थाना अहरौरा जनपद मीरजापुर द्वारा अपने साथ हुई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *