Ibn news Team DEORIA
दिनेश गुप्ता

देवरिया। विधानसभा क्षेत्र 338 पथरदेवा में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। इस बार क्षेत्र की सियासत में पूर्व मंत्री स्वर्गीय शाकिर अली के पुत्र एवं समाजवादी पार्टी के नेता परवेज आलम का नाम तेजी से उभरकर सामने आ रहा है। गांवों की चौपालों से लेकर राजनीतिक गलियारों तक उनके समर्थन और संभावित उम्मीदवारी की चर्चाएं जोर पकड़ने लगी हैं। समर्थकों का दावा है कि परवेज आलम ने बहुत कम समय में सभी वर्गों के बीच अपनी अलग पहचान बना ली है।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी क्षेत्र में ऐसी राजनीतिक हलचल देखने को नहीं मिली थी, जैसी आगामी 2027 के चुनाव को लेकर अभी से दिखाई देने लगी है। परवेज आलम के समर्थकों का कहना है कि पिछले पांच वर्षों से समाजवादी पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने और भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने में उन्होंने लगातार सक्रिय भूमिका निभाई है। पीडीए के मंचों के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर लोगों को जागरूक करने तथा सामाजिक न्याय और अधिकारों की बात रखने का प्रयास भी उनके राजनीतिक सफर का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है।
परवेज आलम की बढ़ती लोकप्रियता के पीछे उनके पिता स्वर्गीय शाकिर अली की राजनीतिक विरासत को भी अहम माना जा रहा है। शाकिर अली ने अपने राजनीतिक जीवन में पथरदेवा की राजनीति को एक अलग पहचान दी थी। उनके समर्थक आज भी उनके संघर्ष और जनसंपर्क को याद करते हैं। अब उनके पुत्र परवेज आलम उसी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए क्षेत्र में सक्रिय दिखाई दे रहे हैं।
वहीं दूसरी तरफ पथरदेवा विधानसभा में भाजपा की ओर से प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सूर्य प्रताप शाही एक मजबूत राजनीतिक चेहरा हैं। ऐसे में परवेज आलम की बढ़ती सक्रियता को आगामी चुनाव में उनके सामने संभावित चुनौती के रूप में देखा जाने लगा है। समर्थकों का मानना है कि परवेज आलम ने अपनी निरंतर सक्रियता के दम पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को राजनीतिक टक्कर देने की स्थिति बना ली है।
क्षेत्र की राजनीति में सबसे अधिक चर्चा युवाओं के समर्थन और विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच परवेज आलम की स्वीकार्यता को लेकर हो रही है। उनके समर्थकों का कहना है कि युवा साथी उनके साथ जुड़ रहे हैं तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उनसे अपनी उम्मीदें जोड़ने लगे हैं। जनसंपर्क, सामाजिक कार्यक्रमों में भागीदारी और लोगों के सुख-दुख में शामिल होने की उनकी गतिविधियां लगातार चर्चा में हैं।
अब पथरदेवा की राजनीतिक चर्चाओं में एक सवाल प्रमुखता से उठ रहा है कि क्या 2027 में स्वर्गीय शाकिर अली की राजनीतिक विरासत एक बार फिर नई ताकत के साथ सामने आएगी? फिलहाल समर्थकों की जुबान पर एक ही नारा सुनाई दे रहा है— परवेज आलम आओ, हम तुम्हारे साथ है। हालांकि चुनावी तस्वीर टिकट वितरण और जनता के अंतिम फैसले के बाद ही साफ होगी, लेकिन इतना तय माना जा रहा है कि पथरदेवा विधानसभा की आगामी राजनीतिक लड़ाई में परवेज आलम का नाम चर्चा के केंद्र में रहने वाला है।