Ibn news Team DEORIA
दिनेश गुप्ता

देवरिया। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद परिवारों के उपचार के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत आर्थिक सहायता बड़ी राहत बनकर सामने आई है। कृषि मंत्री एवं पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सूर्य प्रताप शाही के प्रस्ताव पर तीन जरूरतमंदों के इलाज के लिए कुल 5 लाख 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायता पाने वालों में अमरजीत राजभर को 1 लाख 50 हजार रुपये, आविद असारी को 2 लाख रुपये तथा राजेन्द्र प्रसाद को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत हुई है।
इसको लेकर नगर पंचायत पथरदेवा के अध्यक्ष क्रांति सिंह (कमलेश सिंह) ने कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के प्रति सार्वजनिक रूप से आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया है।
क्रांति सिंह ने कहा कि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार के दौरान आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में मुख्यमंत्री राहत कोष से मिलने वाली सहायता उनके लिए बड़ी राहत और संबल साबित होती है। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने जरूरतमंद परिवारों की पीड़ा को समझते हुए उनके उपचार के लिए आर्थिक सहायता स्वीकृत कराने में महत्वपूर्ण पहल की है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की वास्तविक पहचान समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद लोगों की मदद करने से होती है। गरीबों, असहायों और बीमार लोगों की सहायता करना ही सच्ची जनसेवा है।
अंत में क्रांति सिंह ने अमरजीत राजभर पथरदेवा, आविद असारी महुआरी एवं राजेन्द्र प्रसाद फरेन्दहा के उपचार के लिए आर्थिक सहायता स्वीकृत कराने में पहल करने पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।