फरीदाबाद से बी.आर.मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद:रबर चैनल मैन्युफैक्चरर एसोसिएशन,बल्लभगढ़ (फरीदाबाद) के प्रधान निर्मल कुलश्रेष्ठ के नेतृत्व में एसोसिएशन के सदस्यों ने आज माननीय विधायक एवं हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा से उनके कार्यालय में मुलाकात कर पॉल्यूशन विभाग द्वारा रबर फैक्ट्रियों में की जा रही बार-बार की जांच से उद्योगपतियों को हो रही परेशानियों के संबंध में शिकायत दर्ज कराई।
एसोसिएशन के प्रधान निर्मल कुलश्रेष्ठ ने विधायक को अवगत कराया कि पॉल्यूशन विभाग द्वारा रबर फैक्ट्रियों में रोजाना की जा रही चेकिंग के कारण फैक्ट्री संचालकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि उद्योगपति नियमों के अनुरूप अपना कारोबार करना चाहते हैं,लेकिन बार-बार की जांच और झूठी शिकायतों के आधार पर होने वाली कार्रवाई से औद्योगिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं। ऐसे मामलों में निष्पक्षता बरतते हुए उद्योगपतियों को अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने से बचाया जाना चाहिए।
विधायक मूलचंद शर्मा ने एसोसिएशन की सभी शिकायतों को गंभीरता एवं ध्यानपूर्वक सुना और मौके पर ही पॉल्यूशन विभाग के उच्चाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि झूठी एवं निराधार शिकायतों के आधार पर किसी भी फैक्ट्री मालिक को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
विभाग को अपनी कार्रवाई नियमानुसार,निष्पक्षता एवं उचित प्रक्रिया के तहत करनी चाहिए। विधायक ने इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में पहल करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि 25 अक्टूबर 2026 के बाद एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं पॉल्यूशन विभाग के अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक आयोजित की जाए,जिसमें वे स्वयं भी उपस्थित रहेंगे
इस बैठक का उद्देश्य उद्योगपतियों की समस्याओं को सुनकर उनका उचित समाधान निकालना तथा उद्योगों और विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना होगा।
एसोसिएशन के सदस्यों ने विधायक मूलचंद शर्मा द्वारा समस्याओं को गंभीरता से सुनने,अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने तथा संयुक्त बैठक बुलाने की पहल का स्वागत किया।एसोसिएशन को उम्मीद है कि प्रस्तावित बैठक से रबर उद्योग से जुड़े उद्यमियों को राहत मिलेगी और उनकी समस्याओं का व्यावहारिक समाधान निकल सकेगा।
इस अवसर पर एसोसिएशन की ओर से अनिल गुप्ता,मनोज अग्रवाल,दिनेश मित्तल,विजय सिंगला,मुकेश गर्ग,रिछपाल लांबा,प्रेम मेंहदीरत्ता,जितेश मित्तल,मनीष बत्रा,विजेंदर शर्मा,परवीन अरोरा,पिंटू यादव,मनप्रीत वालिया, सुभाष नागर,राजीव जुनेजा,सुमित बत्रा,पार्थ कालरा एवं उदयवीर सहित अनेक उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।