Ibn news Team DEORIA
रिपोर्ट सुभाष यादव

*देवरिया, 15 अक्टूबर।* नवरात्र और दशहरा पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से जांच अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश तथा जिलाधिकारी देवरिया के आदेश के क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II हितेंद्र मोहन त्रिपाठी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने गुरुवार को नगर पालिका देवरिया के चकियवां क्षेत्र स्थित ब्लिंकिट के रिटेल स्टोर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर कुट्टू आटा, सिंघाड़ा आटा, साबूदाना और सेंधा नमक के नमूने संग्रहित किए गए। इन नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रतिष्ठान में पाई गई कमियों के आधार पर सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है।
नवरात्र पर्व को देखते हुए विभाग की ओर से केले एवं अन्य फलों को पकाने वाले प्रतिष्ठानों पर भी लगातार छापेमारी और निरीक्षण की कार्रवाई की जा रही है। अब तक ऐसे आठ प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा चुका है। विभाग के अनुसार, निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान में प्रतिबंधित रसायन का प्रयोग होता नहीं पाया गया। हालांकि, कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं लाइसेंस से संबंधित कमियां मिलने पर उन्हें दूर करने के लिए सुधार नोटिस जारी किया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जांच अभियान जारी रहेगा।