फरीदाबाद से बी.आर.मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद:जिला कांग्रेस कमेटी फरीदाबाद के अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने भाजपा सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देशभर में भर्ती परीक्षाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पूरी तरह से खत्म हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के शासनकाल में लगभग 80 से 90 बड़े पेपर लीक मामले सामने आ चुके हैं,जिसके कारण लाखों विद्यार्थियों का भविष्य बार-बार संकट में पड़ रहा है।
सेक्टर-9 स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बलजीत कौशिक ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार युवाओं के अधिकारों,रोजगार और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं,लेकिन केंद्र सरकार इन गंभीर विषयों पर ध्यान देने के बजाय उन्हें नजरअंदाज कर रही है।
उन्होंने कहा कि नीट,जेईई,सीबीएसई,आईआईएम और अन्य राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं ने छात्रों के सपनों को तोडऩे का काम किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में शायद ही कोई ऐसी भर्ती परीक्षा बची हो,जिसका प्रश्नपत्र लीक न हुआ हो।
बलजीत कौशिक ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य युवाओं को न्याय दिलाना और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। वहीं उन्होंने नेहरू कॉलोनी मामले में हाईकोर्ट द्वारा दिए गए स्टे आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि इससे यह साबित हो गया है कि भाजपा सरकार सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर गरीबों के आशियाने उजाडऩे का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीबों को बसाने और उनके अधिकारों की रक्षा करने की पक्षधर रही है,जबकि वर्तमान सरकार गरीब परिवारों को बेघर करने की नीति पर चल रही है।
उन्होंने मांग की कि नेहरू कॉलोनी में जिन परिवारों के मकान तोड़े गए हैं,सरकार उन्हें वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि भाजपा सरकार अपनी कथित तानाशाही नीतियों से पीछे नहीं हटती तो कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरकर व्यापक जन आंदोलन चलाने को मजबूर होगी।
इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता योगेश ढींगड़ा,विचार विभाग हरियाणा के चेयरमैन विनोद कौशिक,जिला संगठन महासचिव अशोक रावल,कोर्डिनेटर गौरव ढींगड़ा,जिला कोषाध्यक्ष डॉ.सौरभ शर्मा,जिला उपाध्यक्ष रेनू चौहान,अनिल शर्मा,मुकेश डागर,सुनीता फागना,जिला सचिव बाबूलाल रवि,एन के शर्मा,अनुज शर्मा,बलजीत सिंह अरोड़ा,मोहसिन खान,राहुल नागर,जय भगवान शर्मा,डॉ.एच.पी.माहौर,एडवोकेट प्रशांत कौशिक,जीत सिंह नम्बरदार,अनिल कोली,मनीष बौद्ध,जुबैर खान,रवि दत्त शर्मा,धर्म सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।