फरीदाबाद से बी.आर.मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद:मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और कथित वोट चोरी के आरोपों को लेकर दिल्ली में जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच अधिवक्ता एवं समाजसेवी डॉ.मोहन तिवारी ने प्रदर्शनकारियों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि हिरासत में लिए गए युवा,पत्रकार,महिलाएं या पुलिस कार्रवाई के दौरान कथित ज्यादती का सामना करने वाले अन्य जरूरतमंद लोग कानूनी मदद के लिए उनसे संपर्क कर सकते हैं। 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार,राजधानी में पहले से लगभग 150 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल कंपनियां तैनात थीं और 50 अतिरिक्त कंपनियां भेजी जा रही थीं।
वहीं,मीडिया रिपोर्टों में 7,000 से अधिक लोगों को हिरासत में लिए जाने का दावा भी किया गया है। अधिवक्ता डॉ.मोहन तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र में नागरिकों को जनहित के मुद्दों पर सवाल उठाने और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से अपील की कि वे घबराएं नहीं और जरूरत पड़ने पर अपने कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए सहायता लें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अपनी टीम के साथ जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सलाह और नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। कानूनी सहायता के लिए उन्होंने मोबाइल नंबर 9560417871 और 9971909847 जारी किए हैं। जरूरतमंद लोग इन नंबरों पर संपर्क करने के साथ उनके फेसबुक एवं अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से भी सहायता मांग सकते हैं।
अधिवक्ता डॉ.तिवारी ने कहा कि यह पहल नागरिक अधिकारों के संरक्षण और जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है।